यदि आप साइबर सिटी के बारे में अधिक कुछ नहीं जानते को आपको घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस थाना, अनधिकृत व वैध कालोनी, पोस्ट आफिस, पिन नंबर सहित सड़कों के बारे में जानकारी पता करना है, तो बस मैप वे इंडिया की साइट पर जाकर क्लिक करें और आपके कंप्यूटर स्क्रीन पर साइबर सिटी का नक्शा आ जाएगा। इसके बाद सभी जानकारी आपको घर बैठे ही मिल जाएगी। हालांकि कंपनी का यह काम अभी टेस्टिंग में चल रहा है।
नगर निगम क्षेत्र व प्रापर्टी सर्वे करने वाली मैप वे इंडिया कंपनी ने शहर के नक्शे सहित अन्य जानकारी साइट पर डाउन लोड कर इसका ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। इसके बाद आपको जिस भी क्षेत्र, कालोनी, पोस्ट आफिस, पिन नंबर, अनधिकृत या वैध कालोनी, नगर निगम की सीमा, पुलिस थाने सहित अन्य जानकारी के लिए किसी विभाग के चक्कर नहीं लगाना पड़ेंगे।
मालूम हो इसी कंपनी ने जहां नगर निगम सीमा की जनसंख्या का सर्वे किया वहीं प्रापर्टी सर्वे का भी। कंपनी ने सर्वे व पोस्ट आफिस विभाग की मदद से शहर का खाका तैयार कर एक नक्शा तैयार कर लिया है। साइट तैयार होते ही सारी जानकारी डाउन लोड कर दी जाएंगी और इसके बाद लोग निगम की वेबसाइट में जाते ही शहर से जुड़ी हर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
निगमायुक्त आरके खुल्लर ने बताया कि कंपनी को इस काम के लिए उन्होंने ही दिशा-निर्देश दिए थे और आने वाले समय में कंपनी की इस साइट को निगम की वेबसाइट में डाल दिया जाएगा। कंपनी के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट जय कुमार का कहना है कि यह काम एक चुनौती थी और यह काम पूरा हो गया है। इसकी टेस्टिंग चल रही है।
मकानों के नंबर डालने का काम जारी : साइबर सिटी में कौन सी कालोनी में कौन से नंबर का मकान किस गली या सड़क के पास स्थित है यह जानने के लिए लोगों को अभी कुछ इंतजार करना होगा। कंपनी शहर के नक्शे में संबंधित क्षेत्रों में संबंधित मकानों की संख्या डालने का काम कर रही है। यह काम पूरा होते ही लोग कंप्यूटर पर किसी भी क्षेत्र के मकान के बारे में जानकारी के साथ यह भी पता कर पाएंगे कि किस मकान में किराएदार रहते हैं और कहां मकान मालिक।
Source: Dainik Jagran क्लिक करें, स्क्रीन पर होगी साइबर सिटी